छत्रपति संभाजीनगर में ‘आर्ट ऑफ गिविंग डे’ पर 300 विद्यार्थियों को बांटी गई शैक्षणिक सामग्री....😍
छत्रपति संभाजीनगर : समाजसेवा और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिव्य ज्योति फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय ‘आर्ट ऑफ गिविंग डे’ बड़े उत्साह और सेवा भावना के साथ मनाया गया। ‘शेयर टू शाइन’ थीम के तहत आयोजित इस विशेष उपक्रम में शहर के विभिन्न भागों के जरूरतमंद विद्यार्थियों तक सहायता पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया।
फाउंडेशन की ओर से ब्रिजवाड़ी, मुकुंदवाड़ी और मिलिंदनगर जैसे क्षेत्रों में जाकर लगभग 300 विद्यार्थियों को शालेय शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। विद्यार्थियों को रजिस्टर, पेन, पेंसिल, कॉपी, रबर और शार्पनर जैसी आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं, जिससे उनके शैक्षणिक जीवन को नई दिशा और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई गई।
इसके अलावा सेवाश्रम और पूर्वांचल परियोजना में रहने वाले आवासीय विद्यार्थियों को पूरे वर्ष के लिए पर्याप्त शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। फाउंडेशन ने बताया कि इस उपक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि जागृत करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष गणेश मुंढे ने कहा कि ‘आर्ट ऑफ गिविंग डे’ विश्व के 120 से अधिक देशों में Dr. Achyuta Samanta की प्रेरणा से मनाया जाता है। दिव्य ज्योति फाउंडेशन पिछले दस वर्षों से लगातार इस सामाजिक पहल को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने भविष्य में छत्रपति संभाजीनगर में ‘आर्ट ऑफ गिविंग’ का स्थायी केंद्र स्थापित करने की योजना भी साझा की।
इस अवसर पर फाउंडेशन के उपाध्यक्ष डॉ. निकेश मदारे ने दिव्यांगजनों के लिए स्वतंत्र प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की योजना की जानकारी दी। वहीं अधिवक्ता जोगेंद्रसिंह चौहान ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का कार्य फाउंडेशन लगातार कर रहा है और समाज के सहयोग से ही ऐसे उपक्रम सफल बनते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चंद्रकांत पाटील, वंदना सुरडकर, मनीष कपाळे, कार्तिक गिते और श्रीकांत पाटील सहित सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस पहल से जरूरतमंद विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और समाज में सेवा, सहयोग तथा सकारात्मकता का संदेश फैलाने में फाउंडेशन सफल रहा।


.jpeg)
0 टिप्पणियाँ